आशुतोष को मिला दिल्ली विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक
महामलपुर, मिर्ज़ापुर (उत्तर प्रदेश) के मूल निवासी प्रतिभाशाली छात्र आशुतोष पुत्र श्री ब्रजेंद्र कुमार सिंह एवं श्रीमती विजय लक्ष्मी को 22 फरवरी, 2025 (शनिवार) को दिल्ली विश्वविद्यालय के 101वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में बी.कॉम पाठ्यक्रम में पूरे दिल्ली विश्वविद्यालय में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया था। यह समारोह को बहुउद्देशीय सभागार, खेल परिसर, दिल्ली विश्वविद्यालय में आयोजित हुआ। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्री धर्मेंद्र प्रधान, माननीय शिक्षा मंत्री, भारत सरकार उपस्थित थे। प्रोफेसर योगेश सिंह, कुलपति, दिल्ली विश्वविद्यालय ने दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता की थी।
इसके अतिरिक्त, आशुतोष को बी.कॉम कोर्स में पूरे दिल्ली विश्वविद्यालय में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल करने के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय के शिवाजी काॅलेज ने 5 अप्रैल, 2025 (शनिवार) को अपने 64वें वार्षिक दिवस समारोह में ‘शिवाजी रत्न’ से सम्मानित किया। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रोफेसर दीवान सिंह रावत, कुलपति, कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल उपस्थित रहे। ‘शिवाजी रत्न’ शिवाजी कॉलेज का सर्वोच्च छात्र पुरस्कार है, जो विशेष रूप से उन छात्रों को दिया जाता है जो पूरे दिल्ली विश्वविद्यालय में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर दिल्ली विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक हासिल करते हैं।
- Advertisement -
आशुतोष की इस अभूतपूर्व उपलब्धि से उनके परिवार और क्षेत्र में हर्ष की लहर दौड़ गई है। दिल्ली विश्वविद्यालय, जहां न केवल भारत के हर कोने से बल्कि विश्व के लगभग 85 देशों से विद्यार्थी पढ़ने आते हैं, उस विश्वविद्यालय में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीतना किसी भी विद्यार्थी के लिए एक असाधारण उपलब्धि है। आशुतोष ने इस सपने को साकार कर दिखाया है और यह सिद्ध कर दिया कि समर्पण और परिश्रम से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
इससे पहले, आशुतोष को उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता, नेतृत्व क्षमता, शोध कार्यों और सामाजिक कार्यों में योगदान के लिए अप्रैल, 2024 में शिवाजी कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2024’ पुरस्कार से भी से भी सम्मानित किया गया था।
आशुतोष ने 2024 में शिवाजी कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय से बी.कॉम स्नातक पूरा किया और पढ़ाई में असाधारण प्रदर्शन किया, जिसके लिए उन्हें कई प्रतिष्ठित पुरस्कार भी प्राप्त हुए हैं। उन्होंने अपने स्नातक पाठ्यक्रम के दौरान अनेक शोध पत्र प्रकाशित किए और अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में भाग लिया। उनकी शोध क्षमताओं के कारण उन्हें विश्वविद्यालय और बाहरी संस्थानों से सराहना मिली। वे विभिन्न अकादमिक प्रतियोगिताओं में भी प्रथम स्थान पर रहे, जिससे उनकी बौद्धिक कुशाग्रता सिद्ध होती है।
आशुतोष को उच्च शिक्षा निदेशालय, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (दिल्ली सरकार) द्वारा शैक्षणिक सत्र 2022-23 में दिल्ली सरकार द्वारा वित्तपोषित कॉलेजों में बी.कॉम द्वितीय वर्ष का टॉपर और मेधावी छात्र होने के लिए ‘मेधावी छात्र छात्रवृत्ति’ भी प्रदान की गई।
साथ ही आशुतोष को भारतीय लेखा संघ द्वारा फरवरी, 2024 में आयोजित ‘नेशनल एकाउंटिंग टैलेंट सर्च परीक्षा 2023-24′ में भारत में शीर्ष 10% प्रदर्शनकर्ताओं में से एक होने के लिए “ब्रिलियंट परफॉर्मेंस अवार्ड’ से भी सम्मानित किया गया।
पढ़ाई के साथ-साथ, उन्होंने समाज सेवा में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है जैसे कि ‘पहचान – द स्ट्रीट स्कूल’ (दिल्ली) में वंचित बच्चों को शिक्षा प्रदान करना, ‘सुगम – युवा फॉर सेवा’ कार्यक्रम के तहत 50 घंटे की समाज सेवा करना।
आशुतोष की इस सफलता से उनके माता-पिता, परिवारजनों और पूरे क्षेत्र में गर्व की भावना है। पूरे क्षेत्र में यह खबर खुशी और गर्व का विषय बन गई है। यह उपलब्धियां न केवल आशुतोष के कठिन परिश्रम का प्रमाण है, बल्कि यह अन्य छात्रों के लिए एक प्रेरणास्त्रोत भी है। यह सफलता दर्शाती है कि मेहनत और समर्पण से कोई भी ऊँचाइयों को छू सकता है।
कछवां से शिवम मोदनवाल की रिपोर्ट
Kachhwa Today MZP News “
Editing By Manoj Sharma